नई दिल्ली। जिस प्रकार से शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री और उत्तर प्रदेश के प्रभारी धर्मेंद्र प्रधान ने अपने दौरे से सियासी संकेत दिए हैं, उसको लेकर यही लगता है कि भारतीय जनता पार्टी पूरी तरह से मिशन यूपी के मोड में आ चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में पार्टी लगातार जनता तक पहुंचने की कोशिश में हैं। समान विचारधारा के जो लोग भाजपा के साथ आना चाहते हैं, पार्टी सभी का अभी से स्वागत कर रही है।
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद प्रधान ने राज्य के दौरे पर अपना दल और निषाद पार्टी को साथ लेने की बात कही है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि भाजपा का निषाद पार्टी के साथ गठबंधन है। हम 2022 का विधानसभा चुनाव और ताकत के साथ मिलकर लड़ेंगे। अपना दल भी हमारे साथ जुड़ा है। मेरा विश्वास है कि भाजपा 2022 के चुनाव में हर समाज को गहराई से साथ लेने में सफल होगी। विधानसभा चुनाव किसके नेतृत्व में लड़ा जाएगा, यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री मोदी और लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी पर उत्तर प्रदेश की जनता का अटूट भरोसा है।
निषाद पार्टी के साथ भाजपा का गठबंधन है। 2022 विधानसभा चुनाव को हम ताकत के साथ मिलकर लड़ेंगेः केन्द्रीय मंत्री श्री @dpradhanbjp pic.twitter.com/t5xuX8xy1H
— BJP Uttar Pradesh (@BJP4UP) September 24, 2021
असल में, बीते कुछ चुनाव में धर्मेंद्र प्रधान एक कुशल रणनीतिकार के रूप में उभर रहे हैं। इसलिए पार्टी ने उन्हें उत्तर प्रदेश का प्रभार दिया है। उनके साथ युवा तेजतर्रार नेता अनुराग सिंह ठाकुर को भी कमान दिया गया है। वे पहले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ मीटिंग करके रणनीति पर बात कर चुके हैं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा ‘निषाद पार्टी राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) का हिस्सा है और लोकसभा चुनाव हम साथ लड़े थे और विधानसभा चुनाव में भी मोदी और योगी के नेतृत्व में हम मिलकर कमल खिलाएंगे।’