पूर्व सीएम कल्याण सिंह की हालत नाजुक, राजनाथ सिंह ने अस्पताल जाकर लिया हालचाल

पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्याण सिंह की तबीयत पिछले दो दिनों से ज्‍यादा खराब चल रही है। उपचार में दिल, गुर्दा, डायबिटीज, न्यूरो, यूरो, गैस्ट्रो व क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग समेत 12 विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में लगी हुई है।

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कल्याण सिंह की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। उन्हें सांस लेने में बेहद कठिनाई हो रही है। डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें जीवनरक्षक प्रणाली पर रखा गया है। बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अस्पताल जाकर उनका हालचाल लिया है। एसजीपीजीआई द्वारा बुधवार सुबह जारी स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक, कल्याण सिंह की स्वास्थ्य स्थिति नाजुक है। उन्हें मंगलवार की शाम से जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।

इस संबंध में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्विट भी किया है। अपने ट्विटर पर लिखा है कि लखनऊ स्थित पी जी आई अस्पताल में जाकर श्री कल्याण सिंह जी के कुशल क्षेम की जानकारी प्राप्त की। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।

बता दें कि मंगलवार की रात डॉक्टरों ने कल्याण सिंह के गले में ट्यूब डालकर फेफड़ों को ऑक्सीजन देनी शुरू की। इसे चिकित्सा भाषा में इंट्यूबेट (मैकेनिकल वेंटिलेशन) कहते हैं। एसजीपीजीआई के निदेशक डॉ. आरके धीमन ने बताया कि क्रिटिकल केयर मेडिसिन (सीसीएम) के आईसीयू में भर्ती पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के उपचार में लगी विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने बुधवार सुबह वार्ड का निरीक्षण कर उनकी सेहत का जायजा। उनकी अभी भी हालत नाजुक बनी हुई है।

बीते दिनों भाजपा के केंद्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई केंद्रीय मंत्री अस्पताल जाकर पूर्व सीएम कल्याण सिंह का हालचाल ले चुके हैं। बता दें कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह कई दिनों से अस्तपाल में भर्ती हैं।