मणिपुर में जदयू के विधायक हुए भाजपाई, जदयू नेता कोस रहे हैं भाजपा को

बिहार का बदला मणिपुर में ? सोशल मीडिया पर इस तरह की प्रतिक्रिया भी आने लगी। जदयू के पांच विधायकों ने औपचारिक रूप से भाजपा का दामन थाम लिया है। इससे जदयू के शीर्ष नेताओं में खलबली मच गई है। आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

नई दिल्ली। बिहार में सत्ताधारी दल जदयू को मणिपुर में तगड़ा झटका लगा है। उसके पांच विधायक ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। इसको लेकर सियासी पारा हाई हो गया है। जदयू के नेता भाजपा को खरी-खोटी सुना रहे हैं। मणिपुर विधानसभा के सचिव के मेघजीत सिंह द्वारा जारी एक बयान में कहा कि मणिपुर में जदयू के पांच विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। जदयू ने इस साल मार्च में हुए विधानसभा चुनाव में 38 में से छह सीटों पर जीत हासिल की थी। भाजपा मणिपुर ने ट्विटर पर एक पत्र जारी किया है, जिसमें भाजपा में शामिल होने वाले जदयू विधायकों के नाम हैं। भाजपा में शामिल होने वाले विधायको में केएच जॉयकिशन, एन सनाते, मोहम्मद अछबउद्दीन, पूर्व पुलिस महानिदेशक ए एम खाउटे और थांगजाम अरूणकुमार शामिल हैं।

मणिपुर में जदयू के पांच विधायक भाजपा में शामिल होने पर JDU राष्ट्रीय संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि हम लगातार कह रहे हैं कि BJP हमारी पार्टी को बर्बाद करने में पहले से लगी हुई है। NDA में रहते हुए हम यह महसूस करते थे और आज यह बात साबित हो रही है। BJP का ये रवैया पुराना है, वे बिहार में कुछ नहीं कर पाएंगे। वे पहले से रोज नीतीश कुमार को डैमेज करने की कोशिश कर रहे थे। विपक्ष की एकता को बनाने में नीतीश कुमार का बड़ा रोल है।

JDU के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन(ललन) सिंह का कहना है कि आप(भाजपा) तो धन-बल का प्रयोग कर रहे हैं। महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में आपने क्या किया, ये देश देख रहा है। वो हमारी चिंता छोड़ दे और खुद की चिंता करे। 2024 में जुमलेबाज विदा होंगे।

उपेंद्र कुशवाहा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने नाम लेकर आरोप लगाया कि भाजपा में शामिल होने के बाद कई नेताओं के भ्रष्टाचार के मामले बंद हो गए। कुशवाह ने इस सिलसिले में महाराष्ट्र भाजपा के नेता व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे का उदाहरण दिया। राणे कथित तौर पर महाराष्ट्र के आदर्श हाउसिंग सोसाइटी घोटाले में शामिल थे। जदयू नेता कुशवाह ने इसके बाद असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का नाम लिया। जिन पर भाजपा ने ही कथित तौर पर राज्य के पीडब्ल्यूडी घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया था। इसी तरह उन्होंने पश्चिम बंगाल के मुकुल रॉय का जिक्र किया। रॉय कथित रूप से सारदा चिटफंड घोटाले में शामिल थे।