Lata Mangeskar : पीएम मोदी सहित तमाम केंद्रीय नेता प्रकट कर रहे हैं शोक संवेदना

हम सबकी स्वर कोकिला, जिनके गीतों को सुनकर, मधुरिम सुरों को महसूस कर हम सबसे अच्छा समय बिताते आ रहे, ऐसे अद्वितीय सुरों की महान गायिका लता मंगेशकर जी का 92 वर्ष की आयु में निधन, बेहद दुःखद है।

नई दिल्ली। लता मंगेशकर की याद में दो दिवसीय राष्ट्रीय शोक मनाया जाएगा। सम्मान के रूप में दो दिनों तक राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा। भारत रत्न स्वर कोकिला लता मंगेशकर के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित तमाम केंद्रीय नेता और कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों और जानी मानी हस्तियों की ओर से शोक संवदेना प्रकट किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने शोक संवेदना में कहा है कि मैं शब्दों से परे पीड़ा में हूँ। दयालु और देखभाल करने वाली लता दीदी हमें छोड़कर चली गई हैं। वे हमारे देश में एक खालीपन छोड़ गई है, जिसे भरा नहीं जा सकता। आने वाली पीढ़ियां उन्हें भारतीय संस्कृति के एक दिग्गज के रूप में याद रखेंगी।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि सुर व संगीत की पूरक लता दीदी ने अपने सुर से न सिर्फ भारत बल्कि पूरे विश्व में हर पीढ़ी के जीवन को भारतीय संगीत की मिठास से सराबोर किया। संगीत जगत में उनके योगदान को शब्दों में पिरोना संभव नहीं है। उनका निधन मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है।

वहीं, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि स्वर्गीय लता मंगेशकर ने अपने स्वरों से ना ही केवल भारत में बल्कि पूरे विश्व में भारत का नाम ऊंचा किया था। उनके जाने से देश और संगीत की हानि हुई है। मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि उनकी आत्मा को शांति मिलें।

अपने शोक संदेश में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने कहा है कि लता मंगेशकर जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। वे कई दशकों तक भारत की सबसे प्रिय आवाज बनी रहीं। उनकी सुरीली आवाज अमर है और उनके प्रशंसकों के दिलों में गूंजती रहेगी। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदना है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि ‘स्वर कोकिला’ लता मंगेशकर जी के निधन से भारत की आवाज़ खो गई है। उनके गाये हुए गीतों को भारत की कई पीढ़ियों ने सुना और गुनगुनाया है। उनका निधन देश की कला और संस्कृति जगत की बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।