Madhya Pradesh News : सुभाष नगर में नेताजी सुभाष चंद्र बोस जी की जयंती पर नव निर्मित आरओबी का हुआ लोकार्पण

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल के नरेला विधानसभा अंतर्गत सुभाष नगर फ्लाय ओवर के लोकार्पण, नेताजी सुभाष चंद्र बोस की मूर्ति के अनावरण और आजाद हिन्द फ़ौज कॉन्सेप्ट पार्क का भूमि-पूजन किया। नरेला के विधायक एवं मध्यप्रदेश सरकार में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में हजारों लोगों ने उपस्थित होकर मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत किया और फ्लाय ओवर की इस बड़ी सुविधा के लिए आभार व्यक्त किया।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारत माता की परतंत्रता की बेड़ियाँ काटने के लिए नेता जी सुभाष चंद्र बोस ने सब कुछ न्यौछावर कर दिया। वे अंग्रेजों की “फूट डालो और राज करो” नीति को समझ चुके थे। उन्होंने क्रांति का शंखनाद किया। नेता जी ने कहा था “तुम मुझे खून दो में तुम्हें आजादी दूँगा।” यह दुर्भाग्य है कि स्वतंत्रता के पश्चात उनके प्रति न्यायपूर्ण ढंग से सम्मान व्यक्त नहीं किया गया। उनके अविस्मरणीय योगदान से नई पीढ़ी प्रेरणा ग्रहण करती है। आज हम नेता जी सुभाष चंद्र बोस सहित अन्य सेनानियों के योगदान को भूल गए हैं। हमारे पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल जी ने और वर्तमान प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने सेनानियों का सम्मान किया है, साथ ही सेनानियों के प्रति न्याय भी किया है। हम प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नेताजी सुभाष चंद्र बोस के सपनों का भारत बनाने का प्रयास कर रहे हैं। भोपाल को फ्लाय ओवर, मेट्रो जैसी एक नहीं, अनेक सौगातें दी जा रही हैं। मध्यप्रदेश सरकार जनता के सहयोग से विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है।

चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग ने कहा कि आज नरेला क्षेत्र आवश्यक नागरिक सुविधाओं के कारण अलग पहचान बना रहा है। फ्लाय ओवर के निर्माण से इस क्षेत्र के निवासियों को काफी सुविधा होगी। क्षेत्र में बेहतर जल प्रदाय, बाढ़ प्रबंधन के कार्य हुए हैं। साथ ही उद्यानों के विकास, थीम पार्कों के निर्माण के कार्य निरंतर हो रहे हैं। कार्यक्रम में फ्लाय ओवर पर केंद्रित लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान के पहुँचने पर और कार्यक्रम के बाद नवनिर्मित सुभाष आरओबी पर नागरिकों ने अभूतपूर्व स्वागत किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन स्वीकार किया। सुभाष नगर, पद्मनाभ नगर, गौतम नगर, प्रभात चौराहा, अशोका गार्डन, गोविंद गार्डन और नरेला क्षेत्र के नागरिकों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। नागरिकों ने प्रसन्न मुद्रा में हाथ जोड़कर मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत किया। विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि मंडल ने भी मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत कर आभार व्यक्त किया।