मैथिली के वरेण्य साहित्यकार प्रो. हितनारायण झा पर संस्मरणात्मक पुस्तक ’स्मृति कलश’ का लोकार्पण

 

 

नई दिल्ली। मैथिली साहित्य जगत के वरेण्य साहित्यकार प्रोफेसर हितनारायण झा की स्मृति में लेखिका व शिक्षिका कुमकुम झा द्वारा लिखित संस्मरणात्मक कृति ’स्मृति कलश’ का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। राजधानी के सिविल अधिकारी संस्थान में आयोजित इस समारोह में पूर्व आईएएस अधिकारी व साहित्यकार श्री मंत्रेश्वर झा, मैथिली व हिंदी की प्रख्यात लेखिका डॉ शेफालिका वर्मा, पद्मश्री डॉ नलिनी जोशी सहित कई गणमान्य लोगों ने पुस्तक और प्रो हितनारायण झा के संदर्भ में बातें की।

इस पुस्तक का लेखन और संपादन शिक्षिका और लेखिका कुमकुम झा ने किया है। ’स्मृति कलश’ मैथिली भाषा में तैयार की गई एक महत्वपूर्ण कृति है, जिसमें प्रो. हितनारायाण झा के व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके अविस्मरणीय योगदान को आत्मीयता से प्रस्तुत किया गया है। कुमकुम झा ने अपने संबोधन में कहा कि यह पुस्तक उनके व्यक्तिगत अनुभवों और उन अनेक संस्मरणों का संकलन है, जो प्रो. झा के जीवन से जुड़े रहे। उन्होंने कहा कि ’स्मृति कलश’ केवल एक श्रद्धांजलि नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

लोकार्पण समारोह में साहित्य और शिक्षा जगत के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि प्रो. हितनारायण झा न केवल मैथिली साहित्य के एक विद्वान स्तंभ थे, बल्कि एक ऐसे शिक्षक भी थे, जिन्होंने अनेक विद्यार्थियों के जीवन को दिशा दी। ’स्मृति कलश’ के माध्यम से उनकी साहित्यिक धरोहर और मानवीय गुणों को संजोने का एक अनूठा प्रयास किया गया है।

इस अवसर पर कई वक्ताओं ने मैथिली भाषा और साहित्य के संरक्षण तथा संवर्धन पर भी जोर दिया और ’स्मृति कलश’ को मैथिली में संस्मरण लेखन की एक सशक्त कड़ी बताया। कार्यक्रम के दौरान दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रो राजीव वर्मा, भारत सरकार के पूर्व अधिकारी श्री आर एन झा, सामाजिक कार्यकर्ता श्री अमरनाथ झा आदि ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यापीत गीत पर नृत्य नाटिका सुश्री काव्या ने प्रस्तुत की। मंच का संचालन श्री मनीष झा बौआ भाई ने किया। पुस्तक का लोकार्पण होते ही साहित्य प्रेमियों और विद्यार्थियों में इसे लेकर उत्सुकता देखी गई। ’स्मृति कलश’ आने वाले समय में मैथिली साहित्य के अध्येताओं के लिए एक महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री सिद्ध होगी।