MP News : हिंसा मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर मामला दर्ज, सीएम शिवराज ने कही ये बात

दिग्विजय सिंह ने अपने ट्विटर अकाउंट पर एक तस्वीर पोस्ट कर लिखा था कि क्या तलवार-लाठी लेकर धार्मिक स्थल पर झंडा लगाना उचित है? वो तस्वीर खरगोन या एमपी की न होकर मुजफ्फरपुर (बिहार) की थी। दिग्विजय सिंह के खिलाफ दो समुदायों में धार्मिक उन्माद फैलाने, फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल, पब्लिक में अफवाह फैलाने की धाराओं में केस दर्ज हुआ है।

भोपाल। रामनवमी के दिन खरगोन जिले में हिंसक झड़प हो गई। इसको लेकर राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी दिग्विजय सिंह पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। दिग्विजय सिंह के खिलाफ उनके हाल के ट्वीट को लेकर धारा 153-ए, 295ए (जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य, जिसका उद्देश्य किसी भी वर्ग की धार्मिक भावनाओं को उसके धर्म या धार्मिक विश्वासों का अपमान करना है), 465, और 505(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि दिग्विजय सिंह ने ने एक धार्मिक स्थल पर युवक द्वारा भगवा झंडा फहराने का फोटो सहित ट्वीट किया है, वह मध्यप्रदेश का नहीं है।श्री दिग्विजय सिंह का यह ट्वीट प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने का षड्यंत्र है और प्रदेश को दंगे की आग में झोंकने की साजिश है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि खरगोन में अब तक 95 दंगाइयों की गिरफ्तारी हुई है। वीडियो से दंगाइयों को चिन्हित किया गया है। खरगोन में 4 आईपीएस, 15 डीएसपी सहित आर ए एफ की कंपनी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है।प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति की निवास पर बैठक में समीक्षा की।

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कानून व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा की। निवास कार्यालय में संपन्न बैठक में गृह मंत्री श्री नरोत्तम मिश्रा ,मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस, पुलिस महानिदेशक श्री सुधीर सक्सेना सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक के बाद मीडिया से संवाद में कहा कि प्रदेश में दंगाइयों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही जारी है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज प्रातः प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह ने धार्मिक स्थल पर झंडा फहराने का ट्वीट किया है। वह मध्यप्रदेश का नहीं है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि यह प्रदेश में धार्मिक उन्माद फैलाने का षड्यंत्र है। प्रदेश को दंगों की आग में झोंकने की साजिश है। प्रदेश में यदि कोई दंगा फैलाने की साजिश करेगा तो ,वह कोई भी हो मैं बर्दाश्त नहीं करूंगा।

बैठक में जानकारी दी गई खरगोन में अब तक 95 दंगाइयों की गिरफ्तारी हुई है। गिरफ्तारी का क्रम जारी है। वीडियो से भी दंगाइयों को चिन्हित किया गया है ।आज भी खरगोन में दंगाइयों की संपत्ति को जमींदोज करने की कार्यवाही जारी रहेगी । बैठक में बताया गया कि खरगोन में 4 आईपीएस, 15 डीएसपी सहित आर ए एफ की कंपनी और बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।