टोकरी वालान में इमारत ढहने से एक व्यक्ति की मौत, FIR दर्ज

 

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के टोकरी वालान, पुल मिठाई, बाड़ा हिंदू राव इलाके में आज सुबह एक पुरानी इमारत के ढहने की दर्दनाक घटना सामने आई है। हादसे में मनोज शर्मा नामक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, इमारत के भूतल पर तीन दुकानें थीं, जबकि पहली मंजिल पर गोदाम बनाए गए थे। ये दुकानें आज़ाद मार्केट क्षेत्र में स्थित थीं, जहां बैग और कैनवास के कपड़े बेचे जाते थे।

घटना के बाद पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए हैं। बीएनएस की धाराओं के तहत FIR दर्ज की जा रही है, और मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा की जाएगी।

स्थानीय लोगों में घटना को लेकर रोष है और कई लोगों ने इमारत की हालत पहले से खराब होने की शिकायतें भी सामने रखी हैं। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इमारत खतरनाक घोषित थी या नहीं।

घटना के बाद पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल है और आसपास की इमारतों की सुरक्षा जांच भी शुरू कर दी गई है।