नई दिल्ली/निकोसिया। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साइप्रस का सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III’ प्रदान किया है। यह सम्मान साइप्रस गणराज्य के प्रथम राष्ट्रपति मकारियोस III के नाम पर दिया जाता है और यह किसी विदेशी नेता को दी जाने वाली सबसे प्रतिष्ठित उपाधियों में से एक है।
इस सम्मान को ग्रहण करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने साइप्रस के राष्ट्रपति, सरकार और वहां की जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा,
“यह सम्मान केवल मेरा, नरेंद्र मोदी का नहीं, बल्कि यह 140 करोड़ भारतवासियों का सम्मान है। यह उनके सामर्थ्य, उनकी आकांक्षाओं और हमारी सांस्कृतिक विरासत, भाईचारे और ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना का सम्मान है।”
प्रधानमंत्री ने इस सम्मान को भारत और साइप्रस के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों, हमारे साझा मूल्यों, और पारस्परिक समझ को समर्पित किया। उन्होंने इस पुरस्कार को शांति, सुरक्षा, संप्रभुता, क्षेत्रीय अखंडता और जनकल्याण के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया।
मोदी ने आगे कहा कि वह इस सम्मान को दोनों देशों के बीच साझेदारी और सहयोग को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की एक जिम्मेदारी के रूप में स्वीकार करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत और साइप्रस की सक्रिय साझेदारी आने वाले समय में वैश्विक शांति और स्थिरता में भी योगदान देगी।
इस सम्मान के माध्यम से न केवल दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों को नई मजबूती मिली है, बल्कि यह भारत की वैश्विक स्वीकार्यता और नेतृत्व क्षमता का भी प्रतीक बन गया है।