ट्रैक्टर से संसद पहुंचे राहुल गांधी, प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने लिया हिरासत में

देश के अन्नदाता की मांगों के समर्थन में राहुल गांधी जी मैदान में हैं, देश के अन्नदाता की आवाज संसद में बुलंद कर रहे हैं। तानाशाही हुकूमत सुन ले- न देश का अन्नदाता दबेगा, न अन्नदाता की आवाज दबेगी।

नई दिल्ली। किसानों के मुद्दे पर संसद की कार्यवाही सोमवार को भी बाधित रही। संसद में विपक्षी सांसद केंद्र सरकार से किसानों के मुद्दे पर बात करने और नए कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर जंतर मंतर पर आंदोलन कर रहे किसानों के समर्थन में कई कांग्रेसी नेता गए। उन्हें दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। इसको लेकर सियासत गरमा गई है।
सोमवार की सुबह कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तीन कृषि कानूनों के खिलाफ और किसानों के समर्थन में ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र सरकार को नए कृषि क़ानूनों को वापस लेना पड़ेगा। ये क़ानून 2-3 बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं। ये किसानों के फायदे के लिए नहीं हैं। ये काले क़ानून हैं। मैं किसानों के संदेश को पार्लियामेंट तक लेकर आया हूं। हम किसानों के संदेश को संसद तक लाये हैं। संसद में काले बिलों के बारे में चर्चा करने नहीं दे रहे, हिंदुस्तान के किसानों की आवाज को दबा रहे हैं। काले कानून हैं, इन कानूनों को वापस लेना ही पड़ेगा।


बता दें कि सीआरपीसी की धारा 144 का उल्लंघन कर ट्रैक्टर मार्च निकालने पर कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला, युवा कांग्रेस प्रमुख श्रीनिवास बी.वी और कुछ पार्टी कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पार्टी के मीडिया विभाग के सह प्रभारी प्रणव झा को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया है। कांग्रेस के केंद्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि राहुल गांधी ने किसान की आवाज़ बुलंद करने के लिए ट्रैक्टर को संसद की पटल पर ले जाकर इस अहंकारी सरकार को झकझोरने का प्रयास किया है। हम इस सरकार को कहेंगे कि जागो क्योंकि देश का किसान जग गया है। सरकार कुछ भी करे लेकिन ये आंदोलन जारी रहेगा।