हर घर, हर गांव, हर कार्यकर्ता के जरिए मिशन 2024 का लक्ष्य

विनोद सिन्हा

भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व ने कार्यसमिति के सदस्यों के साथ दो दिनों तक मंथन किया। मंथन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे तौर पर हर कार्यकर्ता और हर घर तक पहुंचने का मंत्र दिया। भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ाया गया। इसकी घोषणा स्वयं पार्टी के चाणक्य माने जाने वाले केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने की। उसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीत का मंत्र दिया। समाजसेवा और देश को लेकर कई बातें कहीं। सबका लक्ष्य एक ही है कि भाजपा जनता के बीच जाए और आगामी लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर किसी प्रकार की कोई कोताही नहीं बरती जाएगी। इसके बीच इस साल यानी 2023 में नौ राज्यों के विधानसभा चुनाव होने हैं, पार्टी उसके लिए पूरी तरह से तैयार रहे।
राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने भाषण में कहा कि चुनाव में 400 दिन बचे हैं, पूरी तैयारी से जुटें। पीएम ने कहा है कि कार्यकर्ता हरेक मतदाता तक पहुँचें। चुनाव में 400 दिन बचे हैं, पूरी तैयारी से जुटें। कार्यकर्ता हरेक मतदाता तक पहुँचें। अगले साल आम चुनाव से पहले इस साल 9 राज्यों में विधानसभा चुनाव हैं।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भारत का सबसे अच्छा युग आ रहा है। हमें इसके विकास के लिए खुद को समर्पित करना चाहिए। उन्होंने जीवन का क्षण-क्षण भारत की विकास गाथा में लगाने का आह्वान करते हुए कहा कि इस ‘अमृत काल’ को ‘कर्तव्य काल’ में परिवर्तित करने से ही देश को तेजी के साथ आगे ले जाया जा सकता है। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ी नसीहत पार्टी के कार्यकर्ताओं को दी है। पीएम मोदी ने भाजपा कार्यकर्ताओं से कहा कि शिक्षित मुसलमानों तक पहुंचें और मुस्लिम समुदाय के खिलाफ अवांछित टिप्पणी से बचें। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भाजपा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान पार्टी सदस्यों को दूर-दराज के गांवों खासकर सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे मुस्लिम समुदाय के खिलाफ अवांछित टिप्पणियों का इस्तेमाल करने से बचें।
प्रधानमंत्री ने बताया कि भाजपा अब केवल राजनीतिक आंदोलन भर नहीं बल्कि सामाजिक-आर्थिक परिस्थितियों को बदलने वाला एक अभियान है। प्रधानमंत्री ने हमें सलाह दी कि मोर्चा के कुछ कार्यक्रम विशेष रूप से सीमावर्ती गांवों में आयोजित किए जाएं। ताकि हम उनसे और जुड़ सकें और हमारी विकास की योजनाएं इन क्षेत्रों तक पहुंचे। प्रधानमंत्री मोदी ने बैठक के दौरान कहा कि हमें सीमावर्ती इलाकों के गांवों से ज्यादा जुड़ना चाहिए और उन्हें मुख्यधारा में लाना चाहिए और वहां हमारी गतिविधियां बढ़नी चाहिए।
प्रधानमंत्री ने युवाओं को देश के राजनीतिक इतिहास से परिचित कराने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि 18-25 वर्ष से कम आयु के लोगों ने भारत के राजनीतिक इतिहास को नहीं देखा है। उन्हें पिछली सरकारों में हुए भ्रष्टाचार और गलत कामों के बारे में पता नहीं है। इसलिए, उन्हें जागरूक करने और उन्हें भाजपा के सुशासन के बारे में बताने की जरूरत है।
दरअसल, प्रधानमंत्री ने चुनाव को लेकर यह भी कहा कि हमें सक्रिय रहना है और आत्ममुग्ध नहीं होना है। कोई यह नहीं समझें कि मोदी आएगा और जीत दिला देगा। हमें इस मानसिकता से बाहर निकलना होगा। पीएम ने राजस्थान और छत्तीसगढ़ का उदाहरण देते हुए कहा कि पिछली बार हम अतिआत्मविश्वास के कारण हार गए थे। इस बार हमें इससे बचना होगा। लोगों के बीच रहना होगा और मिलकर मेहनत करनी होगी।पीएम मोदी ने कहा कि भारत का सबसे अच्छा युग आ रहा है, हमें इसके विकास के लिए खुद को समर्पित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह भारत के लिए सबसे अच्छा समय है और हमें देश के विकास में योगदान देने के लिए कड़ी मेहनत करनी चाहिए।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह श्रावस्ती और अंबेडकरनगर के प्रवास पर आ रहे हैं। उनका आगमन इसी हफ्ते के आखिर में प्रस्तावित है। वहीं केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंन्द्र ङ्क्षसह तोमर 27, 28 व 29 जनवरी को लालगंज लोकसभा क्षेत्र में प्रवास करेंगे। गाजीपुर, श्रावस्ती, अंबेडकरनगर व लालगंज सीटें इन 14 सीटों में शामिल हैं। एक ही महीने के अंदर भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष के बाद अब राष्ट्रीय अध्यक्ष और अमित शाह का प्रदेश आगमन यह संकेत है कि लोक सभा चुनाव के लिए 80 सीटों वाले उत्तर प्रदेश में क्लीन स्वीप पार्टी का बड़ा लक्ष्य है जिसके केंद्र में हारी हुईं 14 सीटें हैं। पिछले लोक सभा चुनाव में भाजपा ने प्रदेश की 80 में से 62 और उसके सहयोगी अपना दल (एस) ने दो-मीरजापुर और राबटर्सगंज सीटें जीती थीं। शेष 16 सीटें बसपा, सपा और कांग्रेस के खाते में गई थीं। उप चुनाव में भाजपा ने आजमगढ़ और रामपुर लोक सभा सीटें सपा से छीन लीं। 14 सीटें अब भी पार्टी की गिरफ्त से बाहर हैं। इनमें से बिजनौर, नगीना, सहारनपुर, अमरोहा, अंबेडकरनगर, श्रावस्ती, गाजीपुर, घोसी, जौनपुर और लाल लालगंज बसपा के कब्जे में हैं। संभल, मुरादाबाद व मैनपुरी सीटें सपा के पास हैं जबकि रायबरेली कांग्रेस की झोली में।
दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक ख़त्म हो गई। पहले दिन की बैठक में भी चुनावों पर चर्चा हुई थी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने सोमवार को बैठक में कहा था कि इस साल 9 राज्यों में होने वाले चुनाव में से किसी में भी हारना नहीं है। बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने इसको लेकर जानकारी देते हुए कहा था कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के अपने उद्घाटन भाषण में इस पर जोर दिया है कि चुनाव के लिए सभी कमर कस लें। रविशंकर प्रसाद ने कहा था, ‘2023 हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण है और हमें 9 प्रदेशों में चुनाव लड़ना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष जी ने पूरी कार्यकारिणी से आह्वान किया कि चुनाव के लिए कमर कस लें, हमें सभी 9 राज्यों में जीत दर्ज करनी है।’


(लेखक सामाजिक कार्यकर्ता हैं।)