नई दिल्ली। प्रगति मैदान में अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला लगाया गया, जिसमें अफगानिस्तान, तुर्की, बहरीन देशों ने हिस्सा लिया।14 नवंबर से शुरू हो रहे ट्रेड फेयर में शुरुआती पांच दिन व्यापारियों के लिए हैं, जबकि 19 नवंबर से आम लोगों को प्रवेश मिलेगा। इस व्यापार मेले में तीन हजार छोटे और बड़े व्यवसायों की भागीदारी पार कर गई है। मेले में 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डे होंगे। 19 से 27 नवंबर तक इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने प्रगति मैदान में भारत अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले का उद्घाटन किया।पीयूष गोयल ने कहा कि इस व्यापार मेले का शुभारंभ भारत के पांच ‘सूत्रों’ को दर्शाता है। अर्थव्यवस्था, निर्यात, बुनियादी ढांचा, मांग और विविधता। ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ सिर्फ एक नारा नहीं है, यह आश्वासन, विचार और खुद पर भरोसा है। उन्होंने कहा कि 750 से अधिक महिलाएं/स्वयं सहायता समूह प्रदर्शक भारत की नारी शक्ति की क्षमता का प्रदर्शन करते हैं।
भारत के 5 सूत्रों की झलक इस ट्रेड फ़ेयर में दिखती है –
🔶 Economy
🔶 Exports
🔶 Infrastructure
🔶 Demand
🔶 Diversity pic.twitter.com/oeSPB3ClVR
— Piyush Goyal (@PiyushGoyal) November 14, 2021
श्री गोयल ने कहा कि भारत दुनिया के उद्योग और सेवाओं का हब बन सकता है। भारतीय उद्योग गुणवत्ता, प्रतिस्पर्धात्मकता और परिमाण की अर्थव्यवस्थाओं के आधार पर नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। आईआईटीएफ ‘लोकल गोज ग्लोबल’ और ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ के लक्ष्य को अर्जित करने में मदद करेगा। श्री गोयल ने कहा कि कोविड-19 ने बाधा उत्पन्न किया है, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के निर्भीक और निर्णायक नेतृत्व तथा लोगों की सामूहिक इच्छा के जरिए भारत ने उल्लेखनीय वापसी दर्ज कराई है।
श्री गोयल ने कहा कि वित्त वर्ष 2021-22 के पहले 4 महीनों के दौरान अब तक की सर्वाधिक एफडीआई आवक 27 अरब डॉलर की थी, जो वित्त वर्ष 2020-21 की समान अवधि की तुलना में 62 प्रतिशत से अधिक रही है। अप्रैल-अक्टूबर 2021 में वस्तु व्यापार निर्यात 232 अरब डॉलर (अप्रैल-अक्टूबर 2020 की तुलना में 54 प्रतिशत अधिक और अप्रैल-अक्टूबर 2019 की तुलना में 25 प्रतिशत से अधिक) था।
प्रगति मैदान में आयोजित इस व्यापार मेला में अफ़गानिस्तान की एक महिला व्यापारी ने बताया कि 8-9 साल से हम इस ट्रेड फेयर में भाग ले रहे हैं। कोरोना के कारण परेशानी हुई। इसके बावजूद हमने यहां स्टॉल लगाया है।
जानकारी दी गई है कि वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगों को निशुल्क प्रवेश मिलेगा। लोगों को मास्क लगाने और सैनिटाइजेशन के बाद मेले में प्रवेश मिलेगा। दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन व्यापारियों को 14 नवम्बर से, जबकि आम लोग 19 नवम्बर से टिकट देगा। कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए सुप्रीम कोर्ट मेट्रो स्टेशन को छोड़कर दिल्ली-एनसीआर के केवल 65 मेट्रो स्टेशन पर व्यापार मेले के टिकट मिलेंगे।