अग्निपथ योजना का अब जोरों पर हो रहा है सियासी विरोध

नई दिल्ली। अग्निपथ योजना को लेकर अब तक युवाओं का विरोध जारी था। रविवार को इसका राजनीतिक विरोध भी दिखा। राजधानी दिल्ली के कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और पार्टी के अन्य नेताओं ने जंतर-मंतर में ‘अग्निपथ’ भर्ती योजना का विरोध किया।

इस अवसर पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि हरीवंश राय जी की कविता का नाम इस स्कीम (अग्निपथ) को दिया गया जो इस देश के नवयुवकों को मार डालेगा। ये ऐसी स्कीम है जो सेना को खत्म कर देगी। लोकतांत्रिक तरीके से, शांतिपूर्वक तरीके से इस सरकार खत्म कीजिए। आप का दर्द पूरा देश समझ रहा है लेकिन आप ये मत भूलिए कि ये देश आपका है, इस देश की संपत्ति आपकी है। इसे सुरक्षित रखना आपका कर्तव्य है। हम सत्याग्रह पर बैठे हैं अहिंसा द्वारा लड़ी गई लड़ाई।

अग्निपथ योजना पर कांग्रेस नेता सचिन पायलट का कहना है कि कोविड के बहाने से आपने(सरकार) 2 साल से भर्तियां रोक रखी थी। 1.25 लाख भर्तियां केवल फौज में खाली है। आप सिर्फ भ्रमित कर लोगों का भविष्य खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। हम सत्याग्रह कर सरकार को यह योजना वापस लेने के लिए मजबूर करेंगे।

वहीं, अग्निपथ पर हो रहे प्रदर्शन पर AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी का कहना है कि मोदी के गलत फैसले की वजह से वह (नौजवान) सड़क पर निकले। मोदी के गलत फैसले की वजह से नौजवानों की नौजवानी को बर्बाद करने का एक रास्ता निकाला। कितनों के बुलडोजर से घर तोड़ोगे? हम नहीं चाहते कि आप किसी का घर तोड़ें। मोदी सरकार देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रही है। 4 साल के लिए क्या सिखेगा कोई? आप झूठ बोल रहे हैं। प्रधानमंत्री से कहूंगा खिलवाड़ मत करिए। आप ने नोटबंदी की, 50 लाख लोगों की नौकरी चली गई।