सर्दी से उत्तर भारत सहित कई राज्यों में ठिठुरन, अलाव का लोग ले रहे हैं सहारा

कश्मीर और हिमाचल की वादियों में बर्फबारी शुरू हो चुकी है। तापमान में गिरावट है। इसका असर कई राज्यों में पड़ रहा है। पर्यटक बर्फबारी देखने पहाड़ों की ओर जा रहे हैं, तो मैदान इलाकों में लोग सर्दी से बचने के लिए अलाव का सहारा ले रहे हैं।

नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में हाल ही में हुई बर्फबारी से राजधानी दिल्ली सहित उत्तर भारत के कई राज्यों का तापमान नीचे गिरा है। सर्द हवाओं के चलने से ठिठुरन बढ़ी है। लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की ओर से भी कहा गया है कि अभी आने वाले दिनों में तापमान और नीचे जाएगा।
राष्ट्रीय राजधानी में कड़ाके की ठंड से बचने के लिए लोग आग तापते देखे गए। गया प्रसाद नामक स्थानीय ने बताया, “आज काफी ठंड है। इस बार ज्यादा ठंड पड़ रही है। हम लोग हाथ ताप रहे हैं। इसके बाद काम पर चले जाएंगे।”

राजस्थान चुरू में आज 18 दिसंबर को न्यूनतम तापमान -1.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज़ किया गया। क्षेत्र में आज सुबह घना कोहरा देखा गया। मनाली के सोलंगनाला इलाके में हुई हल्की बर्फबारी के कारण कई पर्यटक फंस गए।

श्रीनगर में कड़ाके की ठंड के बीच पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। इजाज़ नामक स्थानीय ने बताया, “सर्दी बहुत है। आजकल पर्यटक बहुत आ रहे हैं। बहुत अच्छा लग रहा है। मौसम ठंडा है, ये पर्यटकों के लिए नया अनुभव है।” पुंछ में बढ़ती ठंड से बचने के लिए लोग आग तापकर खुद को गरम रख रहे हैं। एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया, “2-3 दिनों से पुंछ में बहुत ठंड हो गई है। पहले सुबह धूप निकलती थी तो गुजारा चलता था। जब से पहाडों में बर्फ गिरी है तब से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।”