COVID19 Alert : केंद्र ने राज्यों को है चेताया, अस्पताल को कर लें दुरूस्त

अभी भले ही लोग अस्पताल में अधिक भर्ती नहीं हो रहे हैं, लेकिन जिस प्रकार से कोरोना और ओमीक्रॉन के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं, उसमें आगे अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ेगी। इसके लिए राज्य सरकार को अभी से ही तैयारी करनी होगी। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने तमाम राज्यों के पत्र लिखकर आगाह कर दिया है।

नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने सोमवार को तमाम राज्यों के स्वास्थ्य अधिकारियों के साथ बैठक में सभी को पहले से अधिक सतर्क रहने की बात कही है। इसके साथ ही उन्होंने पत्र लिखकर पूरा विवरण भी दिया है। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने कहा है कि अब तक 5-10% सक्रिय मामलों में अस्पताल में भर्ती होने की ज़रुरत है। अस्पताल में भर्ती होने की ज़रुरत तेज़ी से बदल सकती है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को सलाह दी गई कि सक्रिय मामलों को देखते हुए स्थिति पर नज़र रखें। उन्होंने पत्र में यह भी जिक्र किया है कि हालात तेजी से बदल रहे हैं और प्रतिदिन मामलों की संख्या भी बढ़ती जा रही है। ऐसे में अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की संख्या भी तेजी से बढ़ सकती है। हमें इसके लिए तैयार रहना होगा। सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की सलाह दी जाती है कि वे कुल मामलों की संख्या और सक्रिय मामलों की संख्या पर नजर बनाए रखें।

आंकड़ों के अनुसार, ओमिक्रॉन के 4,033 मरीजों में से 1,552 स्वस्थ हो गए हैं या देश छोड़कर चले गए हैं। महाराष्ट्र में ओमिक्रॉन के सबसे अधिक 1,216 मामले आए। इसके बाद राजस्थान में 529, दिल्ली में 513, कर्नाटक में 441, केरल में 333 और गुजरात में 236 मामले आए। देश में एक दिन में संक्रमण के कुल 1,79,723 नए मामले आए, जो 227 दिनों में सबसे अधिक हैं। पिछले साल 27 मई को 1,86,364 नए मामले आए थे।

केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश ने राज्यों को चेतावनी देते हुए लिखा है कि स्थिति तेजी से बदल रही है और अस्पतालों में भर्ती की स्थिति भी तेजी से बदल सकती है। उन्होंने सभी राज्यों को कोरोना के एक्टिव मामलों पर नजर रखने का निर्देश दिया है। बता दें कि भारत में एक दिन में कोरोना वायरस के 1,79,723 नए मामले आने से संक्रमण के कुल मामलों की संख्या 3,57,07,727 पर पहुंच गई है, जिनमें से अभी तक 27 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेश से आए ओमिक्रॉन वैरिएंट के 4,033 मामले भी शामिल हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी 10 जनवरी के आंकड़ों के मुताबिक भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 1,79,723 नए मामले सामने आए हैं। वहीं बीते 24 घंटों में 46,569 लोग रिकवर हो गए हैं। इस दौरान एक दिन में 146 लोगों की कोविड-19 से मौत हो गई है। देश में कोविड-19 एक्टिव केसों की संख्या 7 लाख 23 हजार 619 है।