बीमार है कल्याण सिंह, सीएम सहित जेपी नड्डा गए हाल चाल लेने

काफी दिनों से उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह बीमार हैं। अस्पताल में भर्ती है। आज मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ जब भाजपा के अध्यक्ष जेपी नड्डा मिलने पहुंचे तो कई दूसरे नेता भी साथ थे। इसके राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं।

लखनऊ। भाजपा की नजर में उत्तर प्रदेश की बेहद अहमियत है। हाल ही में केंद्रीय मंत्रिमंडल में उत्तर प्रदेश के सबसे अधिक मंत्री बनाए गए हैं। उसके बाद अगले ही दिन भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा राज्य की राजधानी लखनऊ पहुंचे। संगठन को लेकर चर्चा करने के साथ ही उन्होंने राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का हालचाल लिया।

लखनऊ में राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मिलने अस्पताल पहुंचे। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह से मिलने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने कहा कि कल्याण सिंह की तबीयत अब स्थिर है। उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। हमें विश्वास है कि वे जल्द स्वस्थ होंगे। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा केंद्रीय नेतृत्व में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश प्राथमिकता सूची में सबसे उपर है। पार्टी किसी भी सूरत में यहां दोबारा सत्ता हासिल करना चाहती है। नरेंद्र मोदी के मिशन 2024 का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर निकलता है। यहां से लोकसभा की 80 सीटें हैं। यदि राज्य की सत्ता जाती है, तो यहां बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद क्षीण नहीं होगी। इसलिए पार्टी का केंद्रीय नेतृत्व यहां पूरा जोर लगा रहा है। भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष लगातार राज्य का दौरा करते रहे हैं। और तो और, संघ के तमाम केंद्रीय और वरिष्ठ पदाधिकारी यहां दौरा करते रहे हैं। ऐसे में कल्याण सिंह से पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष का मिलना भी प्रदेश की जनता के बीच सकारात्मक संदेश के रूप में जा सकता है।