Maharashtra bandh : क्या है आज महाराष्ट्र बंद की हकीकत, नेताओं की शुरू हो चुकी बयानबाजी

महा विकास अघाड़ी कांग्रेस-शिवसेना-NCP गठबंधन ने लखीमपुर खीरी में हुई हिंसक घटना के विरोध में आज राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। लोकल ट्रेन अपने नियमित समय पर चल रही हैं।

मुंबई। लखीमपुर खीरी में हुई घटना के विरोध में आज महाराष्ट्र बंद है। राजधानी मुंबई में कई स्थानों पूर्ण बंदी देखी जा रही है। लोगों को कई प्रकार की दिक्कतें हुईं, तो दूसरी ओर इस बंद को लेकर कई संस्थाओं और नेताओं की ओर टिप्पणी भी की जा रही है। कई जिलों में दुकानें बंद हैं और मुंबई एवं पुणे जैसे शहरों में लोकल बसें भी बंद हैं।

बता दें कि महा विकास अघाड़ी ने लखीमपुर खीरी में हुई घटना के विरोध में आज बंद का आह्वान किया है, पुणे की सब्ज़ी मंडी में भी बंद देखा गया। पुणे APMC के एडमिनिस्ट्रेटर ने कहा, “यहां सब्ज़ी-फल के रोज़ 800-900 वाहन आते हैं, लेकिन कल 2,000 वाहन आए थे। मंडी आज बंद रहेगी, कल से खुलेगी।” हालांकि लोकल ट्रेनों का संचालन सामान्य रूप से चल रहा है। शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के बंद का समर्थन मुंबई, पुणे, ठाणे और नासिक की कई ट्रेडर्स एसोसिएशन ने किया है।

महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक का कहना है कि महा विकास अघाड़ी ने बंद का एलान किया था। हमारी मांग और आवाज़ पर जनता ने समर्थन दिया है। कई जगह यह बंद शांतिपूर्वक देखा गया है। कुछ जगहों पर पत्थरबाजी के मामले भी सामने आए हैं, जो ठीक नहीं है। लोग इस तरह की हरकतें न करें।

शिवसेना के राज्यसभा सांसद संजय राउत ने बंद को 100 फीसदी सफल बताया है। राउत ने कहा कि लखीमपुर खीरी में किसानों को कुचले जाने का लोग खुद विरोध कर रहे हैं और उन्होंने बंद को समर्थन दिया है।

विश्व हिंदू परिषद के प्रवक्ता विनोद बंसल का कहना है कि कैसा दुर्भाग्य है.. पहले से महा-पिछाड़ी, महाराष्ट्र की महा विकास अघाड़ी सरकार आज स्वयं महाराष्ट्र को बंद कर रही है। मुद्दा कुछ भी हो, क्या यह उचित है..??