अयोध्या। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में राम दरबार की प्राण प्रतिष्ठा को एक ऐतिहासिक और आध्यात्मिक क्षण बताया है। उन्होंने कहा, “पूरे भारतवर्ष पर प्रभु श्रीराम की अद्भुत कृपा बरस रही है। पहले रामलला स्वयं बाल रूप में अयोध्या धाम में विराजमान हुए और अब प्रभु श्रीराम पूरे परिवार के साथ विराजमान हुए हैं।”
डिप्टी सीएम ने अयोध्या में जारी भव्य अनुष्ठान और भक्तिमय माहौल को “अद्भुत वातावरण” करार देते हुए कहा कि यह पल हर भारतीय के लिए गर्व और भक्ति से भर देने वाला है। उन्होंने आगे कहा, “सभी घरों में सुख, संपत्ति, वैभव आए, दुख का नाश हो — ऐसा मैं प्रभु के चरणों में नमन करता हूं।”
ब्रजेश पाठक ने यह भी कहा कि यह दिन भारत की सांस्कृतिक विरासत के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण है और राम राज्य की कल्पना को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
गौरतलब है कि श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में राम दरबार — जिसमें प्रभु श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं — की प्राण प्रतिष्ठा वैदिक मंत्रोच्चार और भव्य अनुष्ठानों के बीच सम्पन्न हुई। इस अवसर पर देशभर से श्रद्धालुओं की भारी उपस्थिति देखी गई।