मुंबई हुई पानी-पानी, दिल्ली तरस रही है बूंद के लिए

मानसून की बारिश से मुंबई में हर ओर पानी दिख रहा है। मौसम विभाग को अलर्ट जारी करना पडा है। वहीं, राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में जलबोर्ड की ओर से पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। लोग इससे बेहद परेशान है।

नई दिल्ली। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई (Mumbai )बीते कुछ दिनों से बारिश से परेशान है। वहां रेल सेवा तक प्रभावित हुई। लोगों को काम पर जाने मे दिक्कत हो रही है। मौसम विभाग ने रेड अलर्ट जारी कर दिया है। वहीं, देश की राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में लोग पानी की बूंद के लिए तरस रहे हैं। दिल्ली जल बोर्ड की ओर से पीने के लिए पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है।

दिल्ली के चाणक्यपुरी इलाके में पानी की समस्या से लोग परेशान हैं। कई दिनों से जलबोर्ड (Delhi Jal Board) पानी की आपूर्ति नहीं कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां पानी की बहुत दिक्कत है, पानी का टैंकर सुबह-शाम आता है लेकिन समय पर नहीं आता है। पानी का टैंकर का इंतजार करते-करते कई बार तो पूरा दिन लग जाता है। पानी नहीं होगा तो सारे काम कैसे हों ?

दिल्ली के वसंत कुंज, किशनगढ, मुनिरका, दक्षिणपुरी जहांगीरपुर, भलस्वा जैसे इलाकों से ऐसी ही खबरें आ रही है। गर्मियों के मौसम में लोगों को जल संकट (Water Crisis in Delhi) का सामना करना पडा है। कई लोगों की शिकायत होती है कि जलबोर्ड के कर्मचारी शिकायत तो सुन लेते हैं। शिकायत केंद्रों पर शिकायत दर्ज कर ली जाती है, लेकिन उसका समाधान नहीं हो पाता है।

दूसरी ओर, हम मुंबई की बात करें, तो वहां लोग लगातार हो रही बारिश से परेशान हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD)के अनुसार 24 घंटे के दौरान 65 से 115 मिमी बारिश को ‘‘भारी बारिश’’, 115 से 204 मिमी को ‘‘बहुत भारी बारिश’’ और 204 मिमी से अधिक बारिश को ‘‘अत्यधिक भारी बारिश’’ की श्रेणी में माना जाता है। आईएमडी की चेतावनी के बाद बीएमसी ने भी अगले दो दिनों में ‘‘अत्यंत अधिक बारिश’’ के पूर्वानुमान के मद्देनजर संबंधित एजेंसियों को ‘‘हाई अलर्ट’’ जारी किया है। बीएमसी के अनुसार शनिवार को दिन में एक बजकर 32 मिनट पर समुद्र में 4.34 मीटर ऊंची लहरें और शाम में सात बजकर 27 मिनट पर 1.89 मीटर ऊंची लहनें की संभावना है।