लोगों को लगा महंगाई का और एक झटका, घरेलू गैस सिलेंडर हुआ 50 रुपये और महंगा

एलपीजी की कीमतों में इजाफे के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वजन का गैर-सब्सिडी वाला सिलेंडर 949.50 रुपए का मिलेगा। इसके अलावा 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 2003.50 रुपए हो गई है। वहीं, 5 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 349 रुपए होगी।

नई दिल्ली। पहले से ही लोगों का अंदाजा था कि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के बाद महंगाई का झटका लगेगा। तेल और गैस कंपनियों ने पहले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में वृद्धि की और अब घरेलू गैस सिलेंडर भी महंगा कर दिया गया है। 14.2 किलोग्राम घरेलू रसोई गैस एलपीजी की कीमत में प्रति सिलेंडर 50 रुपये की बढ़ोतरी की गई। आज से कीमत 949.50 रुपये होगी।

मंगलवार को जहां पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 80 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ, वहीं घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम भी 50 रुपए बढ़ा दिए गए। एलपीजी की कीमतों में इजाफे के बाद अब देश की राजधानी दिल्ली में 14.2 किलो वजन का गैर-सब्सिडी वाला सिलेंडर 949.50 रुपए का मिलेगा। इसके अलावा 19 किलो वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 2003.50 रुपए हो गई है। वहीं, 5 किलो के एलपीजी सिलेंडर की कीमत अब 349 रुपए होगी।

कांग्रेस की ओर से इस महंगाई को लेकर तंज कसा गया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सरकार को जनता के हितों का जरा भी ख्याल नहीं है।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी के ट्ेड विंग के उपाध्यक्ष अजय बंसल ने कहा कि केंद्र सरकार को आम लोगों की चिंता करनी चाहिए। एक ही बार में इतनी महंगाई होगी तो जनता का जीना मुहाल हो जाएगा। घरेलू रसोई गैस की कीमत में 50 रुपये प्रति सिलेंडर बढ़ने से घर के खर्चों पर असर पड़ेगा। अजय बंसल ने कहा कि कुछ दिन पहले ही कई दूध कंपनियों ने पहले ही दूध की कीमतें बढ़ा दी है।

बता दें कि इससे पहले एलपीजी सिलेंडर के दाम पिछले साल 6 अक्टूबर को बढ़ाए गए थे। वहीं पेट्रोल डीजल की कीमतें भी पिछले साल 4 नवंबर के बाद से स्थिर थीं। यहां तक कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बावजूद कीमतें नहीं बढ़ाई गईं थी। नवंबर की शुरुआत में कच्चे तेल की कीमतें 81 से 82 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थीं, जो अब 114 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच चुकी हैं।