नोएडा सेक्टर 21 में दीवार गिरी, 4 की मौत

जलवायु विहार में नाली की सफाई के दौरान यह दीवार गिरी। वहां 12 मजदूर काम कर रहे थे। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। घायल मजदूरो को नोएडा के कैलाश अस्पताल और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नोएडा। नोएडा के सेक्टर-21 में एक दीवार गिरी। दीवार गिरने से कई लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस फंसे लोगों को बचाने का कार्य कर रही है। जलवायु विहार में नाली की सफाई के दौरान यह दीवार गिरी। उस समय वहां कुल 12 मजदूर काम कर रहे थे। मौजूद स्थानीय लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर और डीएम समेत सभी आलाधिकारी मौके पर पहुंच गये है। मौके पर फायर, पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद है। मलबा हटाने का काम किया जा रहा है। हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक जताया है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा सेक्टर 21 में दीवार गिरने की घटना में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचने और युद्ध स्तर पर बचाव अभियान जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

नोएडा के जिलाधिकारी सुहास लालिनाकेरे यथिराज ने कहा कि नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर 21 में जल वायु विहार के बगल के नाली के मरम्मत के कार्यों का ठेका दिया था। मजदूर जब ईंट निकाल रहे थे तब बगल की दीवार उनके ऊपर गिर गई। इसकी विस्तृत जांच कराई जाएगी। अभी तक 2 लोगों की ज़िला अस्पताल और 2 लोगों की कैलाश अस्पताल में मृत होने की सूचना मिली है। इसकी पुष्टी की जा रही है। मौके पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

नोएडा के सेक्टर-21 में दीवार ढहने के मामले में नोएडा के पुलिस कमिश्नर आलोक सिंह और DM सुहास लालिनाकेरे यथिराज ज़िला अस्पताल में भर्ती घायलों से मिले।

जलवायु विहार आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष एयर वाइस मार्शल प्रदीप कुमार बताया कि गेट नंबर एक की तरफ नाले से लगी सेक्टर की दीवार गिरने से हादसा हुआ है। उन्होंने बताया कि लगभग चार साल पहले नाले की दीवार से अलग सेक्टर की दीवार बनाई गई थी। तीन चार दिन पहले कुछ लोगों ने नाले के किनारे से मिट्टी निकाल ली, जिससे सेक्टर की चारदीवारी की बुनियाद कमजोर हो गई।