Yaas : चक्रवात यास ने हर ओर कर दिया पानी-पानी

पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के 20 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। पटना में बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव हुआ। अगले 48 घंटे तक बिहार भर में लगातार बारिश होगी और इसका असर अगले 72 घंटे तक रहेगा।

नई दिल्ली। बंगाल की खाडी से जो चक्रवात यास (Cyclone Yaas) देश के कई राज्यों में घुसा, उसने हर जगह पानी-पानी कर दिया है। ओडिशा, पश्चिम बंगाल के बाद झारखंड और बिहार में मूसलाधार पानी हो रही है। कई घरों में पानी घुसा। कई गांव पानी-पानी हो गए हैं। सेना और राहत बचाव दल सतर्कता से अपना काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) भी आज प्रभावित स्थानों के दौरे पर हैं।

पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर के कौलियाहटा गांव में चक्रवात यास की वजह से घरों में पानी भर गया। पूर्वी मेदिनीपुर जिले के दीघा के मशहूर पर्यटक स्थल इस तूफान से पूरी तरह से बरबाद हो गए हैं। इस बेहद खूबसूरत पर्यटन स्थल को बुधवार को आए यास तूफान ने तहस-नहस कर दिया। वहां के समुद्र तट पर अब सब कुछ टूटा हुआ है। होटल और रिसॉर्ट में भी समुद्र का पानी घुस गया है और सामान बहाकर ले गया है।

ओड़िशा और पश्चिम बंगाल के कई और इलाकों में तूफान की वजह से बड़ी तबाही हुई है और मकानों को नुकसान पहुंचा है। पश्चिम बंगाल और ओड़िशा के 20 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। बारिश और घरों के टूटने की वजह से चार लोगों की मौत हो गई। इनमें तीन ओड़िशा और एक बंगाल से है।

पटना में बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव हुआ। राज्य के कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश जारी है। तूफान हलांकि कमजोर हो गया है पर लोगों में दहशत कायम है। मौसम विभाग के अनुसार झारखंड के ऊपर एक हवा के कम दबाव का क्षेत्र बन गया है, इस कारण से अगले 48 घंटे तक बिहार भर में लगातार बारिश होगी और इसका असर अगले 72 घंटे तक रहेगा।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ सहित सूबे के कई जिलों में गुरुवार शाम से ही यास तूफान का असर नजर आने लगा है। कई जिलों में सुबह से ही मौसम का मिजाज बदला हुआ दिख रहा है। लखनऊ स्थित मौसम केंद्र ने शुक्रवार और शनिवार को राज्य के पूर्वी हिस्सों के 19 जिलों में बहुत भारी बारिश होने तथा छह जिलों में सामान्य से भारी वर्षा होने का अनुमान लगाया है।