Delhi News, सरोजिनी नगर मार्केट में भी महिलाओं के लिए अब पिंक बूथ की सुविधा

दिल्ली के चर्चित सरोजिनी नगर मार्केट में दिल्ली पुलिस की ओर से पिंक बूथ की शुरूआत की गई है। इसको लेकर महिलाओं में सकारात्मक संदेश गया है।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में दिल्ली पुलिस सुरक्षा व्यवस्था को पहले से भी अधिक चाक चौबंद कर रही है। तमाम बड़े मार्केट में महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष फोकस किया जा रहा है। पहले जनपथ मार्केट में पिंक बूथ की शुरुआत की गई, उसके बाद अब दिल्ली के चर्चित सरोजिनी नगर मार्केट में दिल्ली पुलिस की ओर से पिंक बूथ की शुरूआत की गई है। इसको लेकर महिलाओं में सकारात्मक संदेश गया है।

पिंक बूथ का उद्घाटन ज्वाइंट कमिश्नर एके सिंह ने किया। इस माैके पर साउथ वेस्ट डिस्टिक के डीसीपी गौरव शर्मा, एसीपी बीकेपी एस यादव, सरोजिनी नगर थाने के एसएचओ देवेंद्र कौशिक के साथ महिला पुलिसकर्मी और मार्केट एसोसिएशन के लोग मौजूद रहे.मार्केट एसोसिएशन के लोगों ने दिल्ली पुलिस के द्वारा बनाए जा रहे पिंक बूथ की तारीफ की। मार्केट में महिलाओं की सुरक्षा बढ़ेगी. वे बेझिझक अपनी शिकायत इस पिंक बूथ में दर्ज करा सकेंगी।

ज्वाइंट कमिश्नर एके सिंह ने मीडिया से बात करते हुए बताया कि सरोजनी नगर मार्केट, दिल्ली की मशहूर मार्केट है। यहां बड़ी संख्या में महिलाएं खरीददारी करने के लिए आती हैं। उनकी सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने पिंक बूथ बनाया है। यहां पर महिला सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगी। वही मार्केट में स्नैचिंग, चोरी जैसी कई शिकायत होने पर जाे महिलाएं थाने में केस दर्ज कराने जाती थीं अब वाे इस पिंक बूथ में दर्ज करा सकेंगी।

सरोजनी नगर मिनी मार्केट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट अशोक रंधावा ने बताया कि दिल्ली पुलिस की तरफ से सरोजनी मार्केट के लिए एक अच्छी पहल है।महिलाओं की सुरक्षा को देखते हुए यह एक अच्छा निर्णय दिल्ली पुलिस की तरफ से लिया गया है क्योंकि मार्केट में स्नैचिंग मोबाइल चोरी पर्स चोरी जैसी घटनाएं आए दिन होती रहती थी।