Vaccine Record : पीएम मोदी के जन्मदिन पर कोरोना वैक्सीन का आंकड़ा 1.5 करोड़ पार

पीएम मोदी को स्वास्थ्य सेवा की ओर से उपहार दिया जा रहा है। देश में कोविड टीकाकरण आज रिकॉर्ड बना रहा है। स्वास्थ्य मंत्रालय का लक्ष्य आज 2 करोड़ लोगों को वैक्सीन देने का है। अब तक के आंकड़ें बता रहे हैं कि हर मिनट करीब 42 हजार लोगों को वैक्सीन लगाई जा रही है।

नई दिल्ली। देश अपने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 71वां जन्मदिन मना रहा है। देश में कई प्रकार के आयोजन किए जा रहे हैं। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जानकारी दी गई है कि अभी तक देश में आज कोरोना वैक्सीन का आंकड़ा 1.5 करोड़ पार हो गया है। देशभर में आज 1.5 करोड़ से ज़्यादा कोविड वैक्सीन की डोज़ लगाई जा चुकी है। मान जा रहा है कि आज शाम तक एक दिन में 2 करोड़ से अधिक लोगों को खुराक मिल सकती है। एक महीने के भीतर यह चौथा मौका है जब एक दिन में 1 करोड़ से अधिक टीके लगे हैं।

स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों का कहना है कि इस रफ्तार से 2.5 करोड़ टीके आज लगाए जा सकते हैं। सरकार ने पीएम मोदी के 71वें जन्मदिन पर 2 करोड़ टीके का लक्ष्य रखते हुए कोविड पोर्टल पर एक रियल टाइम ट्रैकर भी लगाया है, जो हर पल अपडेट हो रहा है। 2:50 बजे तक 1 करोड़ 35 लाख लोगों को टीका मिल चुका है।

नेशनल हेल्थ अथॉरिटी के प्रमुख आरएस शर्मा ने ट्विटर पर रियल टाइम ट्रैकर शेयर करते हुए लिखा, ”कोविड-19 के खिलाफ भारत के टीके लगाने वालों के अथक प्रयासों का जश्न। हमने रियल टाइम में हो रहे टीकाकरण को दिखाने के लिए एक ट्रैकर लगाया है। इस समय हमारी स्पीड प्रति मिनट 42 हजार या 700 प्रति सेकेंड है।”

राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 77.24 करोड़ टीके लगाये जा चुके हैं।पिछले 24 घंटों के दौरान भारत में 34,403 नए मामले सामने आए। सक्रिय मामले कुल मामलों के 1.02 प्रतिशत हैं।भारत में वर्तमान में 3,39,056 सक्रिय मामले हैं। वर्तमान में रिकवरी दर 97.65 प्रतिशत है।पिछले 24 घंटों के दौरान 37,950 रोगी स्वस्थ हुए, देश भर में अभी तक कुल 3,25,98,424 मरीज स्वस्थ हुए। साप्ताहिक पॉजिटिविटी दर वर्तमान में 1.97 प्रतिशत है; पिछले 84 दिनों से 3 प्रतिशत से कम है। दैनिक पॉजिटिविटी दर 2.25 प्रतिशत है,पिछले 18 दिनों से 3 प्रतिशत से कम। अभी तक कुल 54.92 करोड़ जांचें की जा चुकी हैं।

स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गुरुवार को ट्वीट किया, ”आए वैक्सीनसेवा करें और जिन्होंने अब तक खुराक नहीं ली है उनका टीकाकरण करवाकर उन्हें (पीएम मोदी) को बर्थडे गिफ्ट दें।”