नई दिल्ली। केन्द्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी ने बुधवार को कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार राशन की दुकानें खोलने में नाकाम रही और अब शहर भर में शराब की दुकानें खोल रही है। अरविंद केजरीवाल सरकार की नई आबकारी नीति के खिलाफ दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लेते हुए, नई दिल्ली से सांसद ने कहा कि शराब की निजी दुकानें खोलने की अनुमति देने से दिल्ली सरकार के राजस्व पर असर पड़ेगा।
लेखी ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ केजरीवाल सरकार ने न तो राशन की कोई नई दुकान खोली है और न ही नए राशन कार्ड जारी किए हैं, लेकिन पूरे शहर में शराब की दुकानें खोल रही है। इसके हानिकारक प्रभाव होंगे, क्योंकि इससे शराब की लत में फंसने से लोगों के परिवार टूट जाएंगे।’’
दिल्ली में आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा रिहाइश इलाकों में शराब की दुकानें खोलने के विरोध में आज हनुमान मंदिर, कनॉट प्लेस में हस्ताक्षर अभियान में भाग लेकर अभियान को प्रारंभ किया। pic.twitter.com/RBAQ9VmpmX
— Meenakashi Lekhi (@M_Lekhi) December 22, 2021
भाजपा की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष आदर्श गुप्ता ने कहा कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ता ‘आप’ सरकार की आबकारी नीति का कई सप्ताह से विरोध कर रहे हैं और इसे वापस लिए जाने तक इसका विरोध जारी रखेंगे। गुप्ता ने कहा, ‘‘ दिल्ली के लोग, समान वितरण के नाम पर शहर भर में शराब की 850 दुकान खोलने की इस नीति से नाखुश हैं। क्या ऐसा करने की कोई जरूरत है? केजरीवाल सरकार पानी के समान वितरण, स्वास्थ्य तथा शिक्षा के क्षेत्र में सुधार और यमुना नदी की सफाई के लिए काम क्यों नहीं करती?’’
आज हनुमान मंदिर, कनॉट प्लेस से केजरीवाल सरकार की नई शराब नीति के विरोध में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की।
यह अभियान पूरी दिल्ली में भाजपा द्वारा 31 Dec तक चलाया जाएगा, हम महामहिम राष्ट्रपति जी को 15 लाख हस्ताक्षर सौपेंगे।
नशे के खिलाफ लड़ाई में हम दिल्लीवासियों के साथ खड़े हैं। pic.twitter.com/qwGyTXgCw4
— Adesh Gupta (@adeshguptabjp) December 22, 2021
उन्होंने कहा कि भाजपा के महिला मोर्चा के नेतृत्व वाले अभियान के तहत आने वाले आठ से 10 दिनों में 15 लाख लोगों के हस्ताक्षर लिए जाएंगे। गुप्ता ने कहा कि हस्ताक्षरों की सूची भारत के राष्ट्रपति को सौंपी जाएगी और उनसे दिल्ली सरकार की आबकारी नीति को वापस लेने के लिए हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया जाएगा।