प्रशांत किशोर पींगे बढ़ा रहे हैं राहुल गांधी से, थामेंगे कांग्रेस का हाथ

कांग्रेस आने वाले चुनाव के लिए एक बेहतर रणनीतिकार की तलाश में है। प्रशांत किशोर को लेकर 22 जुलाई को एक बैठक बुलाई गई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने वरिष्ठ नेताओं के साथ इसको लेकर व्यापक चर्चा की है। औपचारिक ऐलान का इंतजार किया जा रहा है।

नई दिल्ली। अब तक चुनावी रणनीतिकार के रूप में चर्चित रहे प्रशांत किशोर बहुत जल्द कांग्रेस का हाथ थाम सकते हैं। इसकी पटकथा लिखी जा चुकी है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने इस संबंबध में पार्टी पदाधिकारियों से मंत्रणा की और राय मांगी है। राहुल गांधी ने प्रशांत किशोर को सिर्फ बाहर से सलाहकार बनाए जाने के बजाय कांग्रेस में शामिल होने की संभावना के बारे में बात की।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने एक सप्ताह पहले पार्टी नेता राहुल गांधी की अध्यक्षता में एक बैठक की थी जिसमें यह चर्चा की गई थी कि क्या प्रशांत किशोर पार्टी की योजना में फिट हो सकते हैं। ये बैठक 22 जुलाई को हुई थी। वीडियो-कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई इस बैठक में कमलनाथ, मल्लिकार्जुन खड़गे, एके एंटनी, अजय माकन, आनंद शर्मा, हरीश रावत, अंबिका सोनी और केसी वेणुगोपाल जैसे नेता शामिल हुए थे।
असल में, जिस प्रकार से कांग्रेस की राजनीति रही है, उसमें गांधी परिवार की इच्छा को ही आदेश माना जाता रहा है। ऐसे में अन्य नेताओं से राहुल गांधी का पूछना महज एक औपचारिकता मानी जा रही है। इसलिए तय है कि प्रशांत किशोर कांग्रेस में किस पद को लेंगे। बैठक में इस बात पर सहमति नजर आई कि प्रशांत किशोर का जुड़ना पार्टी के लिए फायदे का सौदा हो सकता है। हालांकि उनकी भूमिका कैसी हो इस बात जरूर चर्चा हुई।पार्टी नेताओं में ऐसा विचार है कि प्रशांत किशोर को पार्टी में लाने में कोई बुराई नहीं है।कांग्रेस नेताओं ने इस बारे में आधिकारिक तौर पर चुप्पी साध रखी है।
इसके पीछे कांग्रेस की सोच यह भी है कि प्रशांत किशोर कई चुनावों में भाजपा के लिए काम कर चुके हैं। ऐसे में भाजपा की क्या ताकत है और कहां वो कमजोर है, इसको कांग्रेस टीम समझ लेती है तो उसे आने वाले विधानसभा चुनाव में लाभ मिल सकता है। कांग्रेस को यह भी लगता है कि भाजपा ने अभी से ही उत्तर प्रदेश में अपनी मिशन 2022 को लेकर काम करना शुरू कर दिया है। ऐसे में जब प्रशांत किशोर पूरी तरह से साथ होंगे, तो कांग्रेस उत्तर प्रदेश में शायद कोई चमत्कार कर लें।