नीतीश सरकार का यह कैसा फरमान , आलोचना करने पर होगी कार्रवाई ?

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का मिजाज हाल के वर्षों में बदल रहा है। पहले लोकतंत्र और संवाद की दुहाई देने वाले नीतीश बाबू अब जल्दी ही तिलमिला जाते हैं। तभी तो नीतीश सरकार के खिलाफ लिखने वालोें पर कार्रवाई करने की बात कही है। अब सवाल उठता है कि विश्व को गणतंत्र का सूत्र देने वाला बिहार क्या इतना बेबस हो गया है कि जनता का संवाद भी न सुन सकेगा ?

असल में, बिहार पुलिस मुख्यालय की तरफ से ये फरमान सीधे तौर पर आम आदमी की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन है। इस पत्र में अपमानजक और भ्रामक भाषा का जिक्र किया गया है, सबसे पहले तो ये स्पष्ट किया जाए कि अपमानजनक और भ्रामक भाषा की परिभाषा क्या तय की गई है? हां, निश्चित रूप से अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करने के मैं बिल्कुल खिलाफ हूं और गाली-गलौच तो किसी के साथ भी नहीं किया जाना चाहिए। लेकिन इसके साथ ही यह स्पष्ट भी किया जाना चाहिए कि जब अगर कोई आम आदमी किसी मंत्री, सांसद, विधायक या अफसर से सवाल पूछने की गुस्ताखी करता है तो क्या उसके खिलाफ क्या कानूनी कार्रवाई कर दी जाएगी?

बिहार जहां सबसे पहले महाजनपद बना अर्थात विश्व का पहला लोकतंत्र लेकिन अब इसी बिहार में लोकतंत्र को राजतंत्र में बदलने का भयानक कुचक्र रचा जा रहा है। आज की तारीख में देश की अवाम यानि आम आदमी अपनी बात कहां रख सकता है औऱ इस सवाल का जवाब है सोशल मीडिया। ये एक ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां आम आदमी ना सिर्फ अपनी बात रखता है बल्कि सत्ता सरकार प्रशासन से अपने हक की मांग भी करता रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से आम लोग अपने संवैधानिक अधिकार की मांग करते हैं और एकजुटता के संग जब ये मुद्दे ट्रेंड करने लगते हैं तब जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों पर दबाव बनता है और मजबूरीवश ही सही लेकिन सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।

अगर मान लिया जाए कि किसी आम आदमी ने कुछ कड़े शब्दों में लेकिन मर्यादित तरीके से अपना आक्रोश व उचित बात किसी माननीय के खिलाफ सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया तो क्या वे माननीय उस व्यक्ति को सलाखों के पीछे भेज देंगे? पुलिस विभाग ये जरूर स्पष्ट करे कि किस तरह की भाषा अपमानजक और भ्रामक के दायरे में आ सकते हैं और एक आम आदमी कितने शब्दों में, कितने वाक्यों में और साहित्य की कौन सी विधा में अपने सवाल तमाम माननीय व उच्चाधिकारियों से सोशल मीडिया के माध्यम से पूछ सकता है?