Assembly Election 2022 : पंजाब-उत्तर प्रदेश में जारी है मतदान, लोगों में दिख रहा है उत्साह

कोविड गाइडलाइन के साथ मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा और वोटों की गिनती 10 मार्च को की जाएगी।

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में तीसरे चरण का मतदान जारी है। उत्तर प्रदेश में 16 जिलों की 59 सीटों के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान शुरू हो चुका है।वहीं पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए सभी सीटों पर सवेरे से मतदान जारी है। मतदान केंद्रों पर लोगों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। मतदान केंद्रों पर सुबह 7 बजे से ही कतारें लगने लगी हैं जो शाम 6 बजे तक दिखाई देंगी।

उत्तर प्रदेश के तीसरे चरण के मतदान में करहल सीट पर सभी की निगाहें हैं। क्योंकि सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके प्रतिद्वंद्वी भाजपा उम्मीदवार एसपी सिंह बघेल की किस्मत दांव पर लगी है। इसके अतिरिक्त शिवपाल यादव, सतीश महाना, असीम अरुण इत्यादि की किस्मत भी ईवीएम में कैद होने वाली है। समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के भाई अभय राम यादव ने आज सैफई के एक मतदान केंद्र पर वोट डाला। उन्होंने कहा, “इस चुनाव में समाजवादी पार्टी को भारी जीत देखने को मिलेगी।”

पंजाब में 93 महिलाओं समेत कुल 1,304 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। जिसकी किस्मत ईवीएम में कैद होना शुरू हो चुकी है। आपको बता दें कि चुनावी मैदान में प्रमुख उम्मीदवारों में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, आम आदमी पार्टी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे भगवंत मान, पंजाब कांग्रेस प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू, पूर्व मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह, प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल शामिल हैं।