Utrakhand News : केदारनाथ के कपाट खुले, सीएम धामी ने किए दर्शन

6 बजकर 25 मिनट पर कपाट खोले गए। इस दौरान डोली ने मंदिर में प्रवेश किया। केदारनाथ रावल भीमाशंकर लिंग, वेदपाठियों, पुजारियों, हक्क हकूकधारियों की मौजूदगी में कपाट पर वैदिक परंपराओं के अनुसार मंत्रौच्चारण किया गया। मंदिर को दस क्विंटल फूलों से सजाया गया है।

देहरादून। केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। वैदिक मंत्रोच्चार के साथ केदारनाथ धाम के कपाट खुले। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी हिस्सा लिया। मंदिर को 15 क्विंटल फूलों से सजाया गया है। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के दौरान 10 हज़ार से ज्यादा श्रद्धालु मौजूद रहे। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ मंदिर में दर्शन किए।

दर्शन करने के बाद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के वैदिक मंत्रोच्चार के साथ कपाट खुलने के शुभ अवसर पर केदारनाथ धाम में प्रभु केदारेश्वर का रुद्राभिषेक एवं दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। मैंने भगवान शिव से केदारनाथ धाम पुनर्निर्माण की परिकल्पना को साकार करने वाले देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी के उत्तम स्वास्थ, सुदीर्घ जीवन समेत समस्त राष्ट्रवासियों की सुख,समृद्धि एवं मंगल हेतु प्रार्थना की।

केदारनाथ मंदिर प्रशासन की ओर से जानकारी दी गई कि बाबा की पंचमुखी मूर्ति केदार मंदिर में विराजमान हुई। विधिविधान और धार्मिक परंपराओं के तहत आज प्रात: 6 बजकर 25 मिनट पर जय केदार के जयकारों के बीच भगवान केदारनाथ के कपाट भक्तों के दर्शनार्थ खुल गए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा की गई।